हमीरपुर। जम्मू से लौटे एक भारतीय सेना के जवान समेत जिला हमीरपुर में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। तीनों कोरोना मरीजों को शुक्रवार शाम को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया। इन तीन नए मामलों के साथ जिला में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 291 पहुंच गया है। हालांकि शुक्रवार को तीन कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ्य भी हुए हैं। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग में गृह संगरोध में रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला में कुल 276 कोरोना संक्रमित मरीज अभी तक स्वस्थ्य हो चुके हैं। वर्तमान में कोविड-19 के जिला में कुल 12 सक्रिय मामले ही हैं। जोकि जिला के लोगों के लिए राहत की बात है। शुक्रवार शाम को तीन नए कोरोना मरीजों में उपमंडल भोरंज का रहने वाला 39 वर्षीय युवक है। यह युवक भारतीय सेना का जवान है और 15 जुलाई को ही जम्मू कश्मीर से हमीरपुर लौटा है। इसके अलावा भोरंज उपमंडल के गांव बगबाड़ा का 70 वर्षीय व्यक्ति जो 13 जुलाई को नोयडा से लौटा है, की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। वहीं उपमंडल बड़सर क गांव बल्याह खुर्द का रहने वाला 35 वर्षीय युवक 16 जुलाई को मुंबई से हमीरपुर लौटा था तथा एक होटल में संगरोध था। यह युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने तीन नए मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को तीन कोरोना संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं।
लंबलू पंचायत के डबरेडा गांव में बनाया कंटेनमेंट जोन-
कोरोना संक्रमण का पॉजीटिव मामला सामने आने पर ग्राम पंचायत लंबलू के वार्ड नंबर 4 गांव डबरेड़ा में लंबलू-नोहारा वाया डबरेड़ा सड़क की दाईं ओर जगरनाथ के घर से विद्या देवी के घर तक का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इस संबंध में जिलाधीश हरिकेश मीणा ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद इस क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अथवा वाहन बाहर से भीतर या भीतर से बाहर नहीं आ-जा सकेगा। सरकारी तथा आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक़्तियों एवं वाहनों को इसमें छूट रहेगी।