हमीरपुर। सेकंडरी आईसोलेशन सुविधा स्थल राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल भोटा में एक और कोविड-19 संक्रमित रोगी उपचार के बाद स्वस्थ हुआ है। इसके सफल उपचार पर जिला प्रशासन सहित सभी लोगों ने कोरोना योद्धाओं का आभार व्यक्त किया है। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं आरसीएच भोटा के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि कोविड-19 संक्रमित इस व्यक्ति को गत 12 मई को यहां लाया गया था।
सुजानपुर उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बजरोल के पलभुगांव का 30 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति 30 अप्रैल को दिल्ली से घर लौटा था। 9 मई को इसके नमूने लिए गए थे, जिसमें कोविड-19 संक्रमित होने की पुष्टि के उपरांत इसे आरसीएच भोटा लाया गया था। नए दिशा-निर्देशों के अनुरूप पहले नमूने के 10 दिनों के बाद संक्रमित व्यक्ति के फॉलोअप नमूने जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट अब निगेटिव आई है। ऐसे में इसे अस्पताल से छुट्टी देकर गृह-संगरोध में भेज दिया गया है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने सभी कोरोना योद्धाओं का इसके सफल उपचार के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से जंग में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, सहायक स्टाफ व अन्य विभागों के सभी लोग दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं।