हमीरपुर। जिले की एक कोरोना संक्रमित महिला की आईजीएमसी शिमला में बुधवार को मौत हो गई। महिला दमा समेत कई बीमारियों से ग्रस्त थीं। वे 29 मई को रेड जोन दिल्ली से हमीरपुर अपने घर लौटी थीं। हमीरपुर में नमूने की जांच के बाद उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद उन्हें कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट किया गया। पहले से कई बीमारियों से ग्रस्त महिला को उपचार के लिए आईजीएमसी रेफर किया था।
इस नए मामले के साथ हमीरपुर में कोरोना से संक्रमित मरीज की तीसरी मौत हुई है। इससे पहले डुग्घा निवासी 73 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की भी आईजीएमसी शिमला रेफर किया था। वे भी डायलसिस पर थीं। आईजीएमसी में कुछ दिन उपचार के बाद उनकी भी मौत हो गई थी। दिल्ली से ही लौटे गलोड़ निवासी कोरोना संक्रमित व्यक्ति को भी हमीरपुर से नेरचौक अस्पताल के लिए रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। प्रदेश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित के मामले जिला हमीरपुर में हैं। यहां जिला में कोरोना संक्रमितों के 124 मामले हैं। 78 से अधिक लोग ठीक हुए हैं। इस समय सक्रिय मामलों की संख्या महज 45 हैं।
उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि हमीरपुर से आईजीएमसी रेफर कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महिला पहले से अस्थमा समेत अन्य बीमारियों से ग्रस्त थीं। उपायुक्त ने बताया कि जिला में 78 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर घर भी लौटे हैं।