हमीरपुर। जिले में कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 14 पहुंच गई है। इसके चलते एक बार फिर से कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कोरोना टेस्टिंग बढ़ा दी गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर के सभी अस्पतालों को कोरोना जांच तेज करने के आदेश दे दिए गए हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भी कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग प्रक्रिया बढ़ा दी गई है। पांच दिन पूर्व एक दिन में 40 से 50 सैंपल लिए जा रहे थे लेकिन अब एक दिन में 100 से 150 सैंपल एक दिन में ही लिए जा रहे हैं। हालांकि जिला अस्पताल में कोई भी कोरोना का मरीज दाखिल नहीं है।
जिले में कोरोना के वर्तमान में 14 केस सक्रिय हैं। वर्ष 2020 से अभी तक जिले में कुल 25723 केस कोरोना के मिले, जिसमें से 333 लोगों की कोरोना के कारण मृत्यु हुई। बाजारों में अधिक भीड़ और मेलों आदि में कोरोना फैलने के सबसे ज्यादा खतरा रहता है। क्योंकि वहां हर तरह से लोग पहुंचते हैं। ऐसे में कौन सा व्यक्ति संक्रमित है इस बात का पता नहीं चल पाता है। इसलिए लोगों से ऐसे स्थलों पर न जाने, भीड़ वाले स्थानों से बचने की अपील है। वहीं, ऐसे स्थानों पर जाते समय मास्क आदि लगाकर ही बचाव किया जा सकता है। वहीं इस बारे वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्रिहोत्री ने कहा कि वर्तमान में कोरोना के कुल 14 सक्रिय केस हैं। जिला के सभी अस्पतालों को सैंपलिंग प्रक्रिया बढ़ाने के लिए आदेश दे दिए गए हैं।