लाहलड़ी में टक्कर के पलटे टिप्पर और स्कूटी। स्त्रोत जागरूक पाठक
हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के तहत लाहलड़ी में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे टिपर और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 52 वर्षीय कमलदेव निवासी लगदेवी की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे उनके दोस्त अश्वनी (49) निवासी दोसड़का, हमीरपुर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टिपर के ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद स्कूटी पैरापिट से जा टकराई, जिससे दोनों सवार घायल हो गए। इसी दौरान टिपर भी पलट गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कमलदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अश्वनी का उपचार किया गया।
मृतक कमलदेव ठेकेदार थे। उनके दो बेटे हैं। इनमें से एक शिमला जिले में बिजली बोर्ड में कार्यरत है, जबकि दूसरा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।