विद्यार्थियों को कार्टून से पढ़ाई करने में हो रही परेशानी
डिवाइस में पहली से आठवीं तक का डाला गया है पाठ्यक्रम
संपर्क फाउंडेशन की ओर से 170 स्कूलों को दिए गए हैं डिवाइस
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला के 25 सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाए गए संपर्क डिवाइस मरम्मत के बाद पुन: खराब हो गए हैं। पिछले दो सप्ताह से स्कूलों में यह डिवाइस बंद पड़े हैं,जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।डिवाइस के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और ऑडियो-विजुअल कंटेंट के जरिए पढ़ाने की योजना थी,लेकिन तकनीकी खामियों, रखरखाव की कमी और शिक्षकों को पर्याप्त प्रशिक्षण न मिलने के कारण डिवाइस खराब हो गए हैं। जिससे विद्यार्थियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डिवाइस के खराब होने के कारण डिवाइस संचालन के लिए दिए टीवी भी बंद हो गए हैं। ऐसे में मरम्मत के बाद ही स्कूलों में विद्यार्थी कार्टूनों से पढ़ाई कर सकेंगे।
वर्तमान में संपर्क फाउंडेशन की ओर से जिले के 170 सरकारी स्कूलों को यह डिवाइस उपलब्ध कराए गए है, जिनमें कक्षा पहली से आठवीं तक का पूरा पाठ्यक्रम कार्टून एनीमेशन के माध्यम से डाला गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम रोचक तरीके से समझाना है ताकि उन्हें पढ़ाई में किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। लेकिन 25 स्कूलों में डिवाइसों के बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए डिवाइस बांटे गए है ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके लेकिन संचालन की पूर्ण जानकारी न होने से डिवाइस बार-बार बंद हो रहे हैं जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कोट
25 स्कूलों में खराब हुए डिवाइसों की समस्या ध्यान में है। डिवाइसों की मरम्मत फाउंडेशन की ओर से निजी तौर पर करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।-तन्मय, जिला प्रभारी, संपर्क फाउंडेशन