मिनी सचिवालय सुजानपुर में कैंटीन का निर्माण शुरू। संवाद
हमीरपुर। मिनी सचिवालय सुजानपुर में कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों को जल्द परिसर में ही कैंटीन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए धरातल तल पर कैंटीन का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी। इसके साथ ही उन्हें अपने समूहों द्वारा तैयार स्वदेशी और हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री के लिए भी स्थायी स्थान मिलेगा।
कैंटीन का निर्माण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से किया जा रहा है। जिला ग्रामीण विकास एजेंसी की ओर से इसके लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर को बजट उपलब्ध करवाया गया है।
वर्तमान में मिनी सचिवालय में छह सरकारी कार्यालय संचालित हैं। यहां रोजाना कर्मचारी और विभिन्न कार्यों से लोग पहुंचते हैं। कैंटीन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें खाने-पीने के लिए बाजार जाना पड़ता है। निर्माण पूरा होने के बाद परिसर में ही चाय, नाश्ता और भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
मिनी सचिवालय परिसर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं सप्ताह में दो दिन अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाती हैं। इनमें अचार, पापड़, मसाले और अन्य स्वदेशी उत्पाद शामिल हैं।
खुले में प्रदर्शनी लगाने के कारण मौसम खराब होने पर महिलाओं को परेशानी होती है। कैंटीन बनने के बाद उन्हें उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी स्थान मिल सकेगा। यहां महिलाएं खाने-पीने के सामान के साथ पारंपरिक स्वदेशी और हस्तशिल्प उत्पाद भी बेच सकेंगी।
कोट
सुजानपुर में कैंटीन के संचालन के लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे उन्हें अपना कारोबार संचालित करने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक एवं जिला परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी, हमीरपुर