गांधी चौक हमीरपुर में मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने के विरोध में धरना देते हुए जिल
- फोटो : 1
हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रोजगार प्रदान करने के लिए शुरू की गई मनरेगा योजना का नाम बदले जाने की तैयारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर धरना दिया।
कांग्रेस पार्टी के जिला निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती की अगुवाई में आयोजित धरने के दौरान पार्टी के नेताओं और पदाधिकारी ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्र सरकार पर मनरेगा के नाम बदलने की योजना को केंद्र सरकार की सुनियोजित साजिश करार दिया। सुमन भारती ने कहा कि केंद्र सरकार एक साजिश के तहत मनरेगा योजना के नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए सबसे बड़ी रोजगार योजना को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के द्वारा शुरू किया गया था और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर इस योजना को जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के अपमान को सहन नहीं करेगी और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ ग्रामीण स्तर तक जाकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने कहा कि यह भाजपा सरकार की सुनियोजित साजिश है, लेकिन कांग्रेस इस साजिश को नाकाम करेगी। धरने के दौरान महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, नशा निवारण बोर्ड के प्रदेश संयोजक नरेश ठाकुर आदि उपस्थित रहे।