विरोध करते भाजपा समर्थित नगर परिषद सुजानपुर के पार्षद अध्यक्ष एवम उपाध्यक्ष। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में मंगलवार को मीटिंग हॉल में कांग्रेस के पदाधिकारियों की मौजूदगी पर भाजपा समर्थित पार्षद भड़क गए। कांग्रेसी पदाधिकारी पार्टी समर्थित पार्षदों के साथ बैठक कक्ष में विशेष चर्चा कर रहे थे। नगर परिषद अध्यक्ष ने संबंधित विषय पर जब नगर परिषद अधिकारी से बात करनी चाही, लेकिन वह कार्यालय में नहीं मिले।
नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष पवन कुमार ने कहा कि नगर परिषद का बैठक हॉल केवल पार्षदों एवं मनोनीत पार्षदों के लिए बनाया गया है। यहां पर केवल विकास कार्य को लेकर पार्षद मिल बैठकर चर्चा करते हैं, लेकिन वर्तमान में कांग्रेस के पदाधिकारी यहां बिना अनुमति पार्षदों और मनोनीत पार्षदों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इससे लगता है कि नगर परिषद का बैठक हॉल कांग्रेस नेताओं ने पार्टी का ऑफिस बना दिया है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को जब वह नगर परिषद के बैठक हॉल में पहुंचे तो वहां कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी अपने पार्षदों के साथ चर्चा में व्यस्त थे। जब उनसे इस बारे में पूछा गया कि यह लोग यहां पर क्या कर रहे हैं, तो कोई भी सही जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद भाजपा समर्थित पार्षदों में अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष पवन कुमार, पार्षद सविता महाजन, अनीता सड़ियाल, शकुंतला देवी ने रोष प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। भाजपा पार्षदों ने कहा कि विरोध करने के बाद यह लोग मीटिंग हॉल से बाहर चले गए।
उधर, नगर परिषद अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है, वह कोर्ट मैटर के चलते जिला मुख्यालय गए हुए थे। वहीं, सुजानपुर भाजपा शहरी इकाई के महासचिव प्रकाश सड़ियाल ने कहा कि कांग्रेस के जो लोग इस तरह का काम कर रहे हैं यह सही बात नहीं है। इस विषय पर नगर परिषद अधिकारी से बात की जाएगी।