जिला कांग्रेस कमेटी के सत्याग्रह मार्च के दौरान कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता। संवाद।
हमीरपुर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल का शुद्धीकरण किए जाने की घटना के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य बाजार में सत्याग्रह मार्च निकाला।
जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा की अध्यक्षता में यह मार्च निकाला गया। सुमन भारती शर्मा ने कहा कि यदि कार्यक्रम स्थल का जाति के आधार पर शुद्धीकरण किया गया है तो यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, गरीबों और वंचितों के सम्मान एवं स्वाभिमान पर सीधा प्रहार है।
उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के आने, बैठने या किसी स्थान को उसके बाद शुद्ध करने जैसी मानसिकता चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दलित समाज किसी विशेष कृपा का नहीं, बल्कि बराबरी के अधिकार, सम्मान और गरिमा का हकदार है। उन्होंने मांग की कि यदि हल्द्वानी में वास्तव में ऐसी घटना हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।
उन्होंने भाजपा और आरएसएस से देश के दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मामले पर अपना स्पष्ट पक्ष रखने की मांग की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, नरेश ठाकुर सहित जिला के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।