सुजानपुर (हमीरपुर)। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आए धन को राज्य सरकार ने अन्य मदों में डायवर्ट कर दिया है।
यह राजनीतिक दबाव में किया गया भ्रष्टाचार है, केंद्रीय एजेंसियों से इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ठेकेदारों को विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का काम करवाने के बावजूद उनकी पेमेंट रोक दी गई है। ठेकेदारों द्वारा बैंकों से उठाए गए लोन का भुगतान न होने से वे आर्थिक संकट में घिर गए हैं। डिपॉजिट का पैसा भी सही मद में न देकर अन्य जगहों पर खर्च किया जा रहा है। भ्रष्ट अधिकारियों के चलते यह कार्य हो रहा है।
उन्होंने सैनिक स्कूल सुजानपुर के फंड के डायवर्जन पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बद से बदतर कर दिया है। सरकार के गलत फैसलों की वजह से माननीय उच्च न्यायालय को बार-बार हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है, ऐसे में प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।