हमीरपुर-उहल-सुजानपुर रूट पर रवाना एचआरटीसी बस के परिचालक से हुई मारपीट की जांच करती पुलिस।
- फोटो : Hamirpur-HP
एचआरटीसी के परिचालक से मारपीट, घटना देख लड़की बेहोश
पुलिस ने दर्ज किया यात्री के खिलाफ मुकदमा
पूर्व में भी निगम की बस परिचालक से हुई थी बहस
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिले के तहत हमीरपुर-ऊहल-सुजानपुर एचआरटीसी बस रूट पर तैनात एक परिचालक से मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी यात्री ने कोई नशा किया हुआ था। जिसने परिचालक को बुरी तरह से पीटा। जिससे बस परिचालक लहूलुहान हो गया। मारपीट की इस घटना के दौरान बस में सवार एक अन्य लड़की खून खराबा देखकर बेहोश हो गई और उसे भी उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल टौणीदेवी में ले जाया गया है। सूचना मिलने के बाद टौणीदेवी पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंच गई है। लेकिन, मारपीट के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
पुलिस ने बस के चालक और परिचालक समेत अन्य सवारियों के भी बयान दर्ज किए हैं और परिचालक को मेडिकल करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लाया जा रहा है। इसके अलावा आरोपी यात्री को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम रवाना हो गई है। बताया जा रहा है कि यह बस 3:00 बजे के करीब बस स्टैंड हमीरपुर से उहल-सुजानपुर के लिए रवाना हुई थी। बस स्टैंड में ही कंडक्टर और आरोपी व्यक्ति के बीच बहसबाजी शुरू हो गई थी। कंडक्टर अभी बस के बाहर ही था और व्यक्ति ने बस के दरवाजे में कुंडी लगा दी थी। इसके बाद लगातार बहसबाजी चलती रही और कुछ ही देर बाद एनआईटी हमीरपुर से कुछ दूर पर कोट नामक जगह पर पहुंचते ही व्यक्ति मारपीट पर उतारू हो गया और परिचालक को बुरी तरह से पीट दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिचालक कुलजीत का कहना है कि बस स्टैंड से ही आरोपी व्यक्ति ने उसके साथ बहसबाजी शुरू कर दी थी और नशे में धुत होकर उसने उसके साथ मारपीट की। बस के चालक रघुवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन, नाकाम रहा। परिचालक को गंभीर चोटें लगी हैं। बीते माह भी टौणीदेवी में निगम की परिचालक से एक यात्री ने दुर्व्यवहार और बहसबाजी की थी, जिस कारण पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों तक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, टौणीदेवी पुलिस चौकी के एएसआई प्रभारी ज्ञानचंद का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया है। उसे पकड़ने के लिए टीम रवाना कर दी गई है। वहीं, घायल परिचालक का मेडिकल हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा।