जाहू (हमीरपुर)। सुनैहल खड्ड के किनारे 33 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से झुलसे गुरप्रीत की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। 65 से 70 फीसदी झुलसे गुरप्रीत का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है और चिकित्सकों ने फिलहाल उससे बात करने पर रोक लगाई है।
वहीं, उसके साथ मौजूद सुखदेव को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। शनिवार शाम करीब 7 बजे पंजाब के रोपड़ निवासी गुरप्रीत और उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी सुखदेव जाहू पुलिस चौकी के सामने सुनैहल खड्ड के किनारे घूम रहे थे।
खड्ड में पानी और झाड़ियां होने के कारण दोनों क्रेटवॉल पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 33 केवी मेन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में गुरप्रीत बुरी तरह झुलसकर गिर गया, जबकि सुखदेव भी करंट की चपेट में आया।
दोनों को सिविल अस्पताल बल्द्वाड़ा ले जाया गया। सुखदेव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर हालत में गुरप्रीत को एम्स बिलासपुर और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
जाहू पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुरप्रीत की हालत अभी ठीक नहीं है। चिकित्सकों की सलाह के चलते उसके बयान नहीं लिए जा सके हैं। दूसरे युवक सुखदेव के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष है।