हमीरपुर। स्टार प्रोजेक्ट के अंतर्गत हमीरपुर जिले के 44 अतिरिक्त क्लस्टर स्कूलों को कंप्यूटर हार्डवेयर मिलेंगे। इसमें प्रत्येक स्कूल का एक 65 इंच का इंटरैक्टिव पैनल, वेब कैमरा, प्रिंटर और यूपीएस दिया जाएगा। इससे स्कूलों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा सकेगी। विद्यार्थियों को कठिन विषयों को आसानी से समझ सकेंगे।
समग्र शिक्षा के जिला के 105 क्लस्टर स्कूलों में से अभी तक 61 स्कूलों में यह सामान आवंटित हो चुका है। इसमें प्रथम चरण में सात, द्वितीय में 22, तृतीय चरण में 32 और चौथे चरण में अब 44 स्कूलों में कंप्यूटर हार्डवेयर लगाए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में प्रदेशभर से 365 प्राथमिक क्लस्टर स्कूलों को स्टार प्रोजेक्ट के अंतर्गत कंप्यूटर हार्डवेयर देने के लिए चुना गया है।
आईसीटी के जिला मन्वयक संदीप कौशल ने कहा कि चुने गए क्लस्टर स्कूलों में शिक्षा खंड भोरंज से नौ, बिझड़ी से छह, शिक्षा खंड गलोड़ से चार, शिक्षा खंड हमीरपुर से नौ, शिक्षा खंड नादौन से पांच, सुजानपुर के 11 स्कूल शामिल हैं। इन सभी क्लस्टर स्कूलों को कंप्यूटर हार्डवेयर प्रदान किए जा रहे हैं।