पीड़ितों ने वन विभाग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज करवाई शिकायत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की भैल पंचायत में जंगलों में जानबूझ कर आग लगाने के मामले सामने आ रहे हैं। इसकी शिकायत लोगों ने मुख्यमंत्री और वन विभाग को सौंपी गई है।
गांव भैल निवासी रेखा देवी और अभिषेक ठाकुर ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग जंगल में आग लगा रहे हैं, जब इन्हें ऐसा करने से मना किया जाता है, तो वे गाली-गलौज पर उतर आते हैं। पीड़ितों ने बताया कि आग की लपटें उनके घरों तक पहुंच रही हैं। कई बार खुद आग बुझानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि आग लगाने के वीडियो और अन्य साक्ष्य भी विभागीय अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं।
लोगों ने इस मामले में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह लोग वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सबक सिखाया जाना चाहिए। इस संबंधी अग्घार रेंज की वन परिक्षेत्र अधिकारी पवना कुमारी ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और गार्ड को मौके पर भेजा जाएगा। मौके की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।