लझयाणी में सामुदायिक केंद्र भवन का शिलान्यास करते हुए विधायक सुरेश कुमार। स्रोत : जागरूक पाठक
लझयाणी में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल की लझयाणी पंचायत में एक करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र भवन का विधायक सुरेश कुमार ने शिलान्यास किया। इसके बाद लझयाणी में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विधायक सुरेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही निपटारा किया गया।
उन्होंने बताया कि अकेली लझयाणी पंचायत के डेढ़ करोड़ रुपये से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। सामुदायिक केंद्र भवन (पंचायत घर) में लोगों के आधुनिक सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसमें कॉमन सर्विस सेंटर, पुस्कालय और जिम की सुविधा होगी। पेयजल योजना का पानी प्रयोगशाला में टेस्टिंग के लिए गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद योजना का लोकार्पण किया जाएगा। बस्सी से जाहू वाया लझयाणी-ककडोट सड़क पर कोरोना काल के बसें बंद पड़ी हैं।
बंद बस रूटों को चालू करने की प्रक्रिया शुरू की दी गई है। चंबोह, बधानी, दलालड़ नगरोटा, लझयाणी-जाहू सड़क की लोक निर्माण विभाग डीपीआर तैयार कर रहा है। इस सड़क पर दो बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने धमरोल पंचायत के पल्ली में महिला मंडल भवन का उद्घाटन किया। पल्ली महिला मंडल की दूसरी मंजिल के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से भरेड़ी बाईपास के निर्माण के पल्ली से सासन तक भूमि देने का सहयोग करने की अपील की। पल्ली गांव के रास्तों की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।