हमीरपुर। जिले की छह पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएंगे। कॉमन सर्विस सेंटर खोलने के लिए मार्च माह में पांच पंचायतों को बजट का आवंटन हो गया है। फिलहाल एक पंचायत के लिए बजट आंवटन प्रक्रिया जारी है। पंचायत स्तर पर ही ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर योजना शुरू की गई है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत इन पंचायतों का चयन किया गया है। प्रत्येक कॉमन सर्विस सेंटर के लिए करीब पांच लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। जिला में जिन छह पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर खुलेंगे, उनमें बारीं, जंदडू, खनोली, जंगल, क्यारबाग और पपलाह शामिल हैं। इनमें पांच पंचायतों को बजट जारी हो गया है जबकि पपलाह पंचायत को बजट जारी होने की प्रक्रिया जारी है।
जल्द ही इस पंचायत को भी बजट जारी हो जाएगा। 2018 से 2024 तक जिला की 111 पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर बनाना स्वीकृत हुए थे। इनमें कुछ पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर खुल गए थे जबकि कुछ पंचायतों में जमीनी विवाद के कारण कॉमन सर्विस सेंटर नहीं खुल पाए थे। जिन पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर नहीं खुल पाए, उन्हें जारी राशि को वापस लेकर अन्य पंचायतों को दिया जा रहा है।
पांच पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर खोलने के लिए मार्च माह में बजट जारी किया गया है। एक अन्य पंचायत को भी शीघ्र ही बजट दिया जाएगा। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायतों का चयन किया गया है।
-शशि बाला, जिला पंचायत अधिकारी।