भोटा से जाहू सुपर हाईवे मार्ग कांगूघट्टी में कार की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई मोटर साईकिल।स्रोत:
जाहू(हमीरपुर)। भोटा-जाहू वाया लदरौर सुपर हाईवे मार्ग पर वीरवार शाम 5:00 बजे के करीब तीन वाहनों को जोरदार टक्कर से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जाहू पुलिस चौकी के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सुलगवान से जाहू की तरफ और स्कूटी और मोटरसाइकल जाहू से सुलगवान की ओर जा रही थी। इतने में कांगूघट्टी गांव के पास तेज गति से आ रही कार ने स्कूटी और मोटरसाइकल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतने जोर की थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर सड़क पर पहुंच गए और बचाव में जुट गए। उन्होंने मौके पर घटना की सूचना जाहू पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचते ही पुलिस कर्मचारियों ने तीनों घायलों को सिविल अस्पताल भोरंज में उपचार के लिए भेजा। मामले की जांच कर रहे जाहू पुलिस चौकी प्रभारी फिरोज अख्तर ने बताया कि इस टक्कर से सुनील कुमार 32 वर्षीय निवासी भगेटू, बिलासुपर, अमनदीप 26 वर्षीय निवासी गलोटा सुजानपुर और अनिल कुमार 43 वर्षीय निवासी लदेहड़ा घायल हुए हैं। तीनों का उपचार चल रहा है।
कोट
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल का जायजा लेकर छानबीन की जा रही है। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर