रेशम बिक्री केंद्र बल्ह बिहाल में कोकून खरीदने के लिए आयोजित खुली बोली में भाग लेते किसान।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के तहत पड़ते रेशम बिक्री केंद्र बल्ह बिहाल में कोकून खरीदने के लिए खुली बोली लगाई गई। इसमें 830 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दाम तय हुए। पिछले वर्ष यही कोकून 950 रुपये प्रति किलो बिका था। क्षेत्र के 275 किसानों ने रेशम के कीट पाले हैं। उचित दाम न मिलने से किसानों के चेहरे मायूस हैं।
अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किसानों ने कीटों से कोकून तैयार किया था, लेकिन अब कि बार किसान दामों से असंतुष्ट नजर आए। कीट पालक सुभाष राठौर, मीना कुमारी, ज्ञान चंद और रमेश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष कोकून 950 रुपये प्रति किलो बिका था, लेकिन इस बार कोकून 830 रुपये प्रति किलो बिका। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 120 रुपये प्रति किलो दाम कम मिला। इस संबंध में रेशम बिक्री केंद्र के निरीक्षक मदन लाल ने कहा कि बुुधवार को बल्ह बिहाल में स्थित रेशम बिक्री केंद्र में आयोजित बोली में कोकून के 830 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दाम मिले हैं। व्यापारियों की ओर से इसे खरीदा गया है।