मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज हमीरपुर में होंगे
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल काॅलेज हमीरपुर की होगी समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 19 और 20 अक्तूबर को जिला हमीरपुर के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास के साथ स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल काॅलेज के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री 19 अक्तूबर को कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन के बाद दोपहर बाद लगभग सवा एक बजे एनआईटी हमीरपुर के हेलीपैड पर उतरेंगे और सर्किट हाउस पहुंचेंगे। दोपहर बाद लगभग ढाई बजे हमीरपुर के बस स्टैंड पर रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण तथा नगर परिषद के अन्य कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल काॅलेज हमीरपुर में कॉलेज के विभिन्न निर्माण कार्यों एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।