दो दिवसीय दौरे के दौरान जिला कांग्रेस नेताओं और पर्यवेक्षकों के साथ किया मंथन
ब्लॉक कांग्रेस से मिले टिकट के आवेदनों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बड़सर और सुजानपुर में कांग्रेस प्रत्याशियों के पैनल सीएम सुक्खू के दौरे में तय होंगे। जिला कांग्रेस हमीरपुर और विस क्षेत्रों में तैनात किए गए पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री को सोमवार को जमीनी रिपोर्ट देंगे। ब्लाॅक कांग्रेस की ओर से दोनों विस क्षेत्रों में टिकट के लिए मिले आवेदनों पर भी इस दौरान चर्चा होगी। सीएम सुक्खू सोमवार और मंगलवार को जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। सोमवार को वह 11 बजे सुजानपुर में पहुंचेंगेे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी टोह लेने के साथ सीएम सुक्खू नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति भी तय करेंगे।
इससे पूर्व सीएम सुक्खू दस दिन पूर्व ही जिला का पांच दिवसीय दौरा कर चुके हैं। अब यह दौरा सुजानपुर और बड़सर विधानसभा उपचुनाव की दृष्टि से कांग्रेस संगठन के लिए अहम माना जा रहा है। सुजानपुर में सीएम के दौरे के दौरान टिकटार्थी भी शक्ति प्रदर्शन कर दावेदारी जता सकते हैं। कुल 16 नेताओं ने सुजानपुर में पार्टी टिकट के लिए दावेदारी जताई है जिसमें भाजपा नेता भी शामिल हैं। आवेदकों की यह सूची ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की ओर से जिला कांग्रेस को सौंपी गई है। इन आवेदकों में तीन मजबूत नेताओं का पैनल बनाकर पार्टी हाईकमान को भेजा जाना है। ऐसे में सीएम सुक्खू इस पैनल पर जिले के दो दिवसीय दौरे पर अंतिम निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, आवेदकों की सूची की स्क्रीनिंग के साथ पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट भी अहम रहेगी। चार सदस्यों वाली पर्यवेक्षकों की टीम बड़सर और सुजानपुर में पार्टी की ओर से लगाई गई है। सुजानपुर क्षेत्र के पर्यवेक्षक कमेटी के प्रमुख अजय शर्मा व बड़सर के प्रमुख तेज नाथ तेज सीएम सुक्खू को रिपोर्ट देंगे।
बड़सर दौरे की है संभावना
सीएम सुक्खू चुनाव की घोषणा के बाद बड़सर और सुजानपुर नहीं आए हैं। सोमवार को सीएम सुजानपुर में होंगे और मंगलवार को नादौन का दौरा प्रस्तावित है। हालांकि, यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि सीएम बड़सर का दौरा भी कर सकते हैं। यदि सीएम दिल्ली रवाना नहीं होते हैं तो उनके बड़सर दौरे के भी आसार हैं।
भाजपा के बड़े चेहरों और दलबदल पर नजरें
भाजपा के बड़े चेहरों पर सीएम सुक्खू के दौरे के दौरान नजरें रहेंगी। दलबदल की संभावनाओंं को नकारा नहीं जा सकता है। कांग्रेस की ओर से भाजपा में बड़ी सेंध लगाने के दावे पूर्व में किए गए हैं। सुजानपुर में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन रंजीत बगावती सुर अपनाए हुए हैं। यहां पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर भी सीएम सुक्खू के समर्थन में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी जता चुके हैं। राकेश ठाकुर आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में सीएम के दौरे के दौरान कई भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है।
सीएम से पैनल और जमीनी रिपोर्ट पर होगी चर्चा : सुमन
जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि सीएम सुक्खू से पैनल पर चर्चा होगी। इस दौरान पर्यवेक्षक भी जमीनी रिपोर्ट पेश करेंगे। भाजपा के ईमानदार और स्वच्छ छवि के जो लोग कांग्रेस के बागियों की वजह से घुटन महसूस कर रहे हैं वह भी कांग्रेस में जल्द शामिल होंगे। भाजपा के कई बड़े नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं।