सुजानपुर में दुकान के आगे पड़ा कूड़ा-कर्कट। स्रोत : संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। मुख्य बाजार सुजानपुर में गंदगी का आलम बना हुआ है। रविवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने साफ-सफाई नहीं की, जिस कारण सड़कों पर गंदगी पसरी रही।
सफाई न होने के कारण दुकानदारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी रोष है। रविवार को अवकाश होने के कारण सफाई कर्मचारियों की ओर से सफाई नहीं की जाती है, जिस कारण हर रविवार को यही स्थिति रहती है। कचरा सड़क पर है, जिसे लावारिस पशु और बिखेर देते हैं।
स्थानीय लोगों में अशोक, श्रीराम, सौरभ, अविनाश आदि ने बताया कि रविवार के दिन नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को सफाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल होने के कारण यहां पर काफी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और यहां के मंदिरों में जाते हैं। सड़कों पर कूड़ा-कर्कट इस तरह पड़े रहने से शहर की छवि खराब होती है। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए।
कैप्शन
सुजानपुर में दुकान के आगे पड़ा कूड़ा-कर्कट। -संवाद