गलोड़ (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय गलोड़ में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए 16 स्टाफ सदस्यों की अधिसूचना जारी हो गई है। तीन अगस्त को मंत्रिमंडल की बैठक में राजकीय महाविद्यालय गलोड़ की अधिसूचना जारी की गई थी। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कॉलेज में 16 स्टाफ सदस्यों की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना में एक प्रधानाचार्य, अंग्रेजी प्रवक्ता, एक इतिहास, एक राजनीति एक विज्ञान, एक हिंदी, एक अर्थशास्त्र, एक लाइब्रेरियन, एक सुपरिटेंडेंट, एक सीनियर असिस्टेंट, दो जेओए (कांट्रेक्ट पर), तीन चपरासी, दो चौकीदार समेत कुल 16 पद स्वीकृत हुए हैं। इसी सत्र से गलोड़ में कला संकाय की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। गलोड़ क्षेत्र के जिन बच्चों ने धनेटा, नादौन, हमीरपुर और बड़सर में दाखिला ले रखा है उन बच्चों को गलोड़ महाविद्यालय में माइग्रेट कर दिया जाएगा।
एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने बताया कि सीसे स्कूल गलोड़ या प्राथमिक पाठशाला के साथ लगते भवन में कला संकाय की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। कॉमर्स की कक्षाओं को शीघ्र शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा महामंत्री राजिंद्र ठाकुर, बीडीसी विमला ठाकुर, प्रधान निशा शर्मा, एनजीओ अध्यक्ष गलोड़ देशराज शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलेश कुमारी, उपप्रधान लहड़ा जीवन प्रकाश, बीडीसी प्रकाश चंद आदि ने अग्निहोत्री का आभार प्रकट किया है।