श्री सत्य नारायण मंदिर हमीरपुर में श्रीकृष्ण को झूला झुलातीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन/हमीरपुर। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर वीरवार को जिलाभर के मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। नादौन के चोगला बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्री चैतन्य महाप्रभु गौड़ीय मठ दंगड़ी के प्रभारी भक्ति प्रसाद गिरि महाराज और अन्य संत व शिष्यों भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। आयोजकों नीरज जैन, अनिल सोनी, कपिल जैन आदि ने बताया कि दोपहर 3:00 बजे शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रात 8:00 बजे से रासलीला का आयोजन हुआ। इस दौरान सुंदर झांकियां निकाली गईं। यात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से आरंभ हुई और पत्तन बाजार होते हुए बस अड्डा पर पहुंची जहां पर पंजाब से आए कलाकारों ने करतब दिखाए। यात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को पालकी में बैठाकर लाया गया।
वहीं हमीरपुर स्थित श्री सत्य नारायण मंदिर में भी भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। कन्हैया को झूला झुलाया गया। स्कूलों में भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। श्री कृष्ण के मंदिरों को लोगों ने फूल मालाओं के साथ सजाया।