हमीरपुर। नादौन के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में पढ़ाई दोबारा शुरू हो गई है, लेकिन स्टाफ की तैनाती के लिखित आदेश अब तक जारी नहीं हुए हैं। शिक्षा विभाग के मौखिक निर्देशों पर ही कर्मचारियों ने पुराने स्कूल भवन में कार्यभार संभाला है।
विलय रद्द होने के करीब एक माह बाद भी स्थानांतरण और तैनाती संबंधी आधिकारिक आदेश जारी न होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्तमान में स्कूल में करीब 350 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने अप्रैल में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नादौन का बाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में विलय कर दिया था। इसके बाद दोनों विद्यालयों को सहशिक्षा स्कूल के रूप में संचालित किया जाने लगा और पढ़ाई सीबीएसई के तहत करवाई जा रही थी।
स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की मांग के बाद सरकार ने यह फैसला वापस ले लिया। विभाग ने 18 अक्तूबर को अधिसूचना जारी कर दोनों स्कूलों को अलग-अलग संचालित करने के निर्देश दिए।
नई व्यवस्था के तहत पीएमश्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन सीबीएसई से संबद्ध रहेगा, जबकि पीएमश्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत पढ़ाई होगी। इससे दोनों स्कूलों की अलग-अलग व्यवस्था बहाल हो गई।
कन्या स्कूल में स्टाफ ने मौखिक निर्देशों के आधार पर कामकाज भी शुरू कर दिया है, लेकिन कर्मचारियों की तैनाती और स्थानांतरण को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं। ऐसे में करीब 350 विद्यार्थियों वाले स्कूल में स्टाफ की आधिकारिक तैनाती को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
कोट
निदेशालय से विलय रद्द होने की अधिसूचना जारी होने के बाद स्कूल प्रभारियों को पूर्व की भांति स्कूलों में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों को सभी सुविधाओं के साथ पढ़ाई करवाई जा रही है।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर