हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों के उपभोक्ताओं से अब गृहकर, क्षेत्रफल के आधार पर वसूला जाएगा। नगर परिषद की ओर से घरेलू और व्यवसायिक भवनों के लिए एक से दो फीसदी गृहकर कम कर नई दरों को लागू किया गया है। नगर परिषद की ओर से शहर के सभी 11 वार्डों में नई दरों के आधार पर गृहकर वसूला जाएगा। इसके लिए परिषद ने नियम तैयार कर लिए हैं।
नगर परिषद की ओर से गृहकर की दरों को लागू करने से पूर्व दो माह पहले शहर के सभी वार्डों में सर्वे किया गया था। सर्वे के दौरान नगर परिषद की ओर से घरेलू, व्यवसायिक और बहुमंजिला भवनों की पूर्ण रूप से जांच की गई थी। इसके चलते अब नगर परिषद की ओर से घरेलू मकानों के लिए पांच से आठ रुपये प्रति वर्ग मीटर, व्यवसायिक भवनों के लिए 25 से 30 रुपये, ढाबे और होटल का 15 से 20 रुपये गृहकर तय किया गया है। वहीं साल 2022 में गृहकर को लेकर ऐसा कोई भी नियम नहीं था। इसके चलते घरेलू, व्यवसायिक और होटलों के मालिक संपत्ति के आधार पर एक सामान गृहकर देते थे लेकिन अब लोगों से क्षेत्रफल के आधार पर गृहकर वसूला जाएगा।
वहीं इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद की ओर से गृहकर को लेकर नई दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत घरेलू, व्यवसायिक और होटलों के मालिक से अलग-अलग रूप में गृहकर वसूला जाएगा। इससे नगर परिषद को अच्छी आमदनी होगी। वहीं नगर परिषद की ओर से कूड़ा शुल्क को लेकर कोई भी नई दर लागू नहीं की गई है।