जिला के 392 प्राथमिक स्कूलों में होगा आवंटन, 53 प्रकार की वस्तुओं से खलेंगे विद्यार्थी
गुजरात की निजी कंपनी स्कूलों में देगी जादुई पिटारा
निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक स्कूलों में शुरू होगा कार्यक्रम
बवीता चंदेल
हमीरपुर। शिक्षा हब हमीरपुर के 392 प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों का विकास अब जादुई पिटारे से होगा। विद्यार्थियों को खेल-खेल में गतिविधियों के माध्यम से शिक्षित किया जाएगा। निपुण भारत मिशन के तहत हर स्कूल को एक-एक जादुई पिटारा प्रदान किया जाएगा।
53 विभिन्न प्रकार की वस्तुओं से भरे जादुई पिटारे में पढ़ाई की इंडोर और आउटडोर सभी प्रकार की वस्तुएं मौजूद रहेंगी। इनमें स्कूलों में दाखिल प्री-प्राइमरी से लेकर दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाई जाएगी। गुजरात की निजी कंपनी की ओर से विद्यार्थियों के लिए यह जादुई पिटारा तैयार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने के बाद स्कूलों में इसका आंवटन किया जाएगा।
जादुई पिटारे को मुख्य रूप से पंचकोषीय विकास के आधार पर बनाया गया है। जिसमें विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण शारीरिक विकास, संज्ञानात्मक विकास, सामाजिक और भावनात्मक विकास, भाषा विकास, मानसिक विकास के आधार पर सामग्री बनाई गई है। सामग्री को विशेष तौर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने और जानने की जिज्ञासा को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर सक्षम बनाया है। कंपनी की ओर से ट्रायल के तौर पर प्री-प्राइमरी से दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों को चयनित किया गया है। ट्रायल के बाद तीसरे से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सामग्री को बनाया जाएगा।
कोट
जिला के 392 प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों का विकास अब जादुई पिटारे से होगा। प्री-प्राइमरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों को खेल-खेल में गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने के लिए निपुण भारत मिशन के तहत प्रत्येक स्कूल को एक-एक जादुई पिटारा प्रदान किया जाएगा।-भवानी सिंह, जिला समन्वयक, प्री-प्राइमरी