विधायक बोले- बच्चों में प्रतियोगिता की भावना पैदा करना जरूरी
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज ने मनाया वार्षिक समारोह, बच्चों संग विधायक ने भी लगाए ठुमके
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज/ जाहू (हमीरपुर)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शिरकत की।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए बच्चों की प्रतिभा को बाहर निकालने तथा प्रतियोगिता की भावना पैदा करना जरूरी है। भोरंज में नगर पंचायत बनाने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का शहरीकरण करना है। इसके लिए पुरानी सड़कों का विस्तारीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राइम स्कूल भोरंज से दियालड़ी सड़क को चौड़ा करने पर 40 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की।
सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट से मुख्यातिथि को स्कूल की उपलब्धियों से अवगत करवाया। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में विधायक सुरेश कुमार ने मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कांगड़ा सहकारी कृषि एवं भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, भोरंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बन्याल आदि मौजूद रहे।
कैप्शन
भोरंज विधायक सुरेश कुमार व कांगड़ा सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानियां सांस्कृति कार्यक्रम के दौरान बच्चों के संग थिरकते हुए। स्रोत : संस्थान