बड़सर(हमीरपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकमोह की भूमि के एमओयू हस्ताक्षरित करवाने के मामले में अब प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव अनिल खाची ने संज्ञान लिया है। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के बहिष्कार के बाद प्रदेश सरकार हरकत में आ गई है। इसी मामले में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की ओर से दो दिन पहले हुई कार्रवाई के बाद कार्यालयों ने चकमोह की वंदना हीर के पत्र का संज्ञान लेते हुए शीघ्र समुचित कार्रवाई के आदेश प्रदेश स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी और निदेशक, स्वास्थ्य विभाग को जारी किए हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकमोह की भूमि और भवन के उपयोग की पूर्ण आज्ञा बाबा बालक नाथ ट्रस्ट के साथ एमओयू के माध्यम से बनवाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के स्वास्थ्य विभाग को मुख्य सचिव ने आदेश दिए हैं। ताकि ग्रामीणों की समस्या शीघ्र हल की जा सके। बाबा बालक नाथ ट्रस्ट की ओर से जिलाधीश हमीरपुर और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के बीच एमओयू बनवाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। मुख्य सचिव का इसी माह में दो बार इस मामले पर कार्रवाई करना अब स्वास्थ्य विभाग को सक्रियता बढ़ाने के लिए संकेत दे रहा है, जबकि जिला प्रशासन भी इस बारे में अब सजग हो चुका है।