बिझड़ी (हमीरपुर)। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बिझड़ी में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने झूठ बोलने में पीएचडी की हुई है। मुख्यमंत्री केवल मंचों पर ही नहीं, बल्कि सदन के भीतर भी जनता को गुमराह करने के लिए झूठ पर झूठ बोलते हैं।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणा की थी कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि प्रदेश में एक भी आदर्श अस्पताल आज तक नहीं बन पाया। बड़सर नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की भारी कमी है और मरीजों को रेफर करना सरकार की असफलता का जीता-जागता सबूत है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से वादा किया था कि उनके लंबित डीए का भुगतान तुरंत किया जाएगा, लेकिन आज तक कर्मचारियों को यह हक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल भाषणों और घोषणाओं तक सीमित है। बड़सर में बने मिनी सचिवालय के ठेकेदार को 4 करोड़ 95 लाख रुपये का भुगतान आज तक नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार ठेकेदारों को उनका हक देने में नाकाम रही है, जिससे विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना से बड़सर क्षेत्र के कई शिक्षण संस्थान बंद कर दिए, जिससे गरीब और ग्रामीण इलाकों के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।