फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दियोटसिद्ध में चैत्र मेले आज से, हर श्रद्धालु को रुमाल और दस्ताने देगा प्रशासन

विज्ञापन
चैत्र मेलों की तैयारी को लेकर दियोटसिद्ध मंदिर में निरीक्षण करते उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक। - फोटो : Hamirpur-HP
विज्ञापन
बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध में चैत्र मेले शनिवार से शुरू हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। दियोटसिद्ध मंदिर क्षेत्र में सड़क के किनारे लगने वाले लंगर भी इस बार मंदिर प्रशासन की स्वीकृति के बिना नहीं लगेेंगे। मंदिर परिसर में ही हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर और तरल साबुन पाउच उपलब्ध होंगे। कोरोना वायरस से बचाव के लिए हर श्रद्धालु को रुमाल और दस्तानें दिए जाएंगे। गर्म पानी की भी व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन

14 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र मेलों की तैयारियों का शुक्रवार को उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर, एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार और डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर ने दियोटसिद्ध पहुंचकर जायजा लिया। हरिकेश मीणा ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए पुख्ता इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता और सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा है कि विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। विदेशी श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। मंदिर परिसर में रेलिंग को साफ करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन के लिए दो काउंटर लगाए गए हैं। जिसमें से एक काउंटर शाहतलाई और दूसरा काउंटर डिग्री कॉलेज चकमोह के पास रहेगा। श्रद्धालुओं को ऑडियो और वीडियो स्क्रीन के माध्यम से भी निरंतर कोरोना वायरस के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्वच्छता के बारे जागरूक करने के लिए पंफ्लेट बांटे जाएंगे। इसके साथ ही हर काउंटर पर पुलिस विभाग और स्वच्छता विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें