मेडिकल कॉलेज की मेडिसन ओपीडी के बाहर मरीजों को बैठने तक की नहीं मिल रही जगह
ओपीडी बढ़ी, चिकित्सक सावधानी बरतने और मौसमी फल खाने की दे रहे सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बदलते मौसम के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। दिन में तेज धूप के साथ गर्मी और सुबह-शाम ठंड होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जिसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है।
मौसम में हो रहे परिवर्तन के चलते लोग खांसी, जुकाम और वायरल की चपेट में आ रहे हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की मेडिसन ओपीडी में रोजाना 150 से अधिक मरीज खांसी, जुकाम से पीड़ित पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में ओपीडी में 150 से कम रहती थी, लेकिन इन दिनों ओपीडी में मरीजों की संख्या 180 तक पहुंच रही है। वहीं, ज्यादा भीड़ होने के चलते मेडिसन ओपीडी के बाहर लोगों को बैठने के लिए जगह तक नहीं बची है।
चिकित्सक इन मरीजों को दवा के साथ बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दे रहे हैं। इन दिनों मौसम में रोजाना बदलाव आ रहा है। सुबह और शाम ठंड रहती है और दोपहर को तेज गर्मी होती है। मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार कर रहा है। इस मौसम में लोग जुकाम, खांसी और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग बदलते मौसम में जल्द बीमारी की चपेट में आ जाते हैं, इसलिए ऐसे लोगों को इस मौसम में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकों का परामर्श लेना चाहिए। वहीं, लोगों को अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना चाहिए।
कोट
मौसम में हो रहे बदलाव के दौरान लोगों को सावधानियां बरतनी चाहिएं। मौसम बदलाव में हम गर्म कपड़े पहनना एकदम छोड़ देते हैं। ऐसे में एकदम ठंड के बीच गर्म कपड़े पहनना न छोड़ें। मौसमी फल और सब्जियों का सेवन अधिक से अधिक करना चाहिए।
-डॉ अजय शर्मा, एमएस, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर