हमीरपुर। जिला हमीरपुर के विभिन्न गांवों में आयोजित शादी समारोहों में बिना मास्क घूम रहे 18 लोगों पर हमीरपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। इन लोगों के चालान काटकर नौ हजार की जुर्माना राशि वसूल की गई है। साथ ही कंटनमेंट जोन में नियमों का उल्लंघन करने वाले दस लोगों पर कार्रवाई की गई है। इनसे पुलिस ने पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला है।
पुलिस ने बीते 24 घंटे में आयोजित हुए 35 शादी समारोहों में दबिश दी। विभिन्न पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई है। शादी समारोहों में 18 लोग बिना मास्क लगाए घूमते पाए गए। इस पर पुलिस ने इनके चालान काटे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को 500 रुपये जुर्माना डाला गया। मौके पर ही जुर्माने के रूप में नौ हजार की राशि वसूली गई है।
साथ ही पुलिस ने जिले में कंटेनमेंट बनाए गए 573 जोन में से 522 का निरीक्षण किया। इस दौरान दस लोग कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। इनसे पुलिस ने पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला है। इससे पहले भी पुलिस शादी समारोहों में दबिश देकर 31 लोगों के चालान काट चुकी है। वहीं, कंटेनमेंट जोन में भी पूर्व में 14 चालान काटे गए हैं। कोरोना कर्फ्यू की सही ढंग से पालना करवाने के लिए शनिवार मध्यरात्रि को विभिन्न पुलिस थानों के कर्मचारियों ने 13 स्थानों पर नाके लगाए। इस दौरान रात के समय आवाजाही कर रहे 38 वाहनों को रोककर इनका निरीक्षण किया गया है। हालांकि, इस दौरान गैर कानूनी, संदिग्ध तथा किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं पाया गया। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. कार्तिकेन गोकुलचंद्रन का कहना है कि पुलिस ने शादी समारोहों में 18 लोगों के चालान काटे हैं, जबकि कंटेनमेंट जोन में नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 लोगों पर कार्रवाई की गई है। कुल मिलाकर 14 हजार रुपये जुर्माना नियमों का उल्लंघन करने वालों से वसूला गया है।