बड़सर/सुजानपुर/हमीरपुर। जिले में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चबूतरा क्षेत्र का जंगल लगातार पांचवें दिन भी धधकता रहा लेकिन वन विभाग अब तक जंगल से सटे हमीरपुर -सुजानपुर सड़क के किनारे पड़े स्लीपरों को नहीं हटा पाया है। हवा की लपटों से होते हुए आग स्पीलरों में भड़क गई। दमकल विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समय रहते प्रभावी कदम न उठाने का आरोप लगाया है। इससे पूर्व भी जंगल में 63 स्पीलर आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गए थे, जिससे विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है।
इस मामले में ठेकेदार के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करवाई गई है लेकिन लकड़ी के बचे हुए स्लीपर को अभी तक नहीं उठाया गया है।
छह अन्य जगह भी भड़के जंगल
चबूतरा के अलावा जिले में छह अलग-अलग स्थानों पर जंगलों में आग भड़क उठी। आग की घटनाओं में करोड़ों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई। जिला मुख्यालय के साथ भड़मेली में दोपहर 1:30 एकाएक जंगल में आग भड़क गई। चीड़ की सूखी पत्तियों के कारण आग तेजी से फैल गई, आग के कारण वन विभाग को एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, उपमंडल बड़सर में एक साथ तीन स्थानों पर जंगल सुलग उठे। ग्राम पंचायत नारा के पंचायत भवन और पटवार खाना जंगल में 500 रुपये का नुकसान, जबकि करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, दूसरी घटना में जब्बल खैरियां और तीसरी में लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल मैहरे के साथ लगते जंगल में आग से लाखों का नुकसान हुआ है। भोरंज के मझौ क्षेत्र और ताल पंचायत के साथ बडैहर में जंगल की आग से लाखों की वन संपदा जलकर राख हो गई।
आग की घटनाओं पर काबू पाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। लोगों से आग्रह है कि वे घटनाओं की सूचना तुरंत दें। अंकित सिंह, डीएफओ हमीरपुर
चबूतरा के जंगल में लगी आग। संवाद