हमीरपुर। एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में फंसे हमीरपुर सदर के राजस्व कानूनगो के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने घटना से जुड़ी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और मोबाइल फोन को जांच के लिए फोरेंसिक लैब धर्मशाला भेज दिया है। अब फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनगो के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हालांकि, इससे पूर्व विजिलेंस थाना में लगातार दो दिनों तक आरोपी से लंबी पूछताछ हो चुकी है। जिसमें उसने रिश्वत की बात कबूल करते हुए 50 हजार रुपये की रकम भी लौटा दी है।
रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने और विजिलेंस में आरोपी कानूनगो के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद प्रशासन ने उन्हें पद से निलंबित भी कर दिया है। वर्तमान में आरोपी कानूनगो को भोरंज तहसील में अटैच किया गया है। जब तक इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक वह भोरंज तहसील में ही रहेगा। वह राजस्व विभाग के किसी भी महत्वपूर्ण मामले में न तो दखल दे पाएंगे और न ही जरूरी फाइलों पर हस्ताक्षर कर सकेंगे। अगर फोरेंसिक लैब में वीडियो और ऑडियो क्लिप की उनकी फोटो और आवाज का मिलान हो जाता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्हें विभाग से निष्कासित भी किया जा सकता है। फिलहाल जब तक लैब से रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक विजिलेंस को भी इंतजार करना पड़ेगा।
बाक्स:
जमीन के इंतकाल की एवज में एक लाख रुपये लेने का है आरोप
शहर के मिठाई कारोबारी ने बस स्टैंड हमीरपुर के समीप एक दुकान खरीदी है। कारोबारी ने फरवरी माह में इस दुकान की रजिस्ट्री की थी। इसके बाद जमीन का इंतकाल कारोबारी के नाम होना था। 28 जुलाई को कारोबारी नायब तहसीलदार के पास पहुंचा तो उन्होंने उन्हें कानूनगो से मिलने के लिए कहा। कानूनगो ने इंतकाल के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। 30 जुलाई को 50 हजार रुपये, 4 अगस्त को 14 हजार रुपये और 10 अगस्त को कानूनगो ने कारोबारी से 50 हजार रुपये वसूले। राजस्व कानूनगो की ओर से रिश्वत लेने का वीडियो कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद कारोबारी ने इस मामले की शिकायत वीडियो समेत विजिलेंस हमीरपुर में की। विजिलेंस ने केस दर्ज कर इस मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
बयान
-राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने रिश्वत मामले से जुड़े सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और मोबाइल फोन को जांच के लिए फोरेंसिक लैब धर्मशाला भेज दिया है। अब फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनगो के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-लालमन शर्मा, डीएसपी, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो