सुजानपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे सीसीटीवी कैमरे। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत सिद्धू चौक पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे के खंभे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिस कारण खंभा गिरने से सीसीटीवी कैमरे टूट गए हैं। यह कैमरे मुख्य सड़क और प्राथमिक पाठशाला की दीवार पर भी लगाए गए हैं।
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर दो में सिद्धू चौक पर हर तरफ से वाहनों की आवाजाही होती है। पुलिस ने सुरक्षा तथा निगरानी की दृष्टि को लेकर के सड़क के किनारे खंभों के ऊपर कैमराें को स्थापित कर रखा है। वहीं, दूसरी ओर इसका कनेक्शन साथ लगते प्राइमरी स्कूल की दीवार के साथ लगाकर वहां भी बड़ा कैमरा लगा रखा है, ताकि किसी भी ओर से आने जाने वाले वाहन और व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद हो सकें।
हालांकि, शुक्रवार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से सीसीटीवी कैमरे का खंभा टूट जाने के कारण कैमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके साथ ही प्राथमिक पाठशाला की दीवार पर लगा कैमरा भी टूटकर नीचे गिर गया है। सीसीटीवी कैमरे फुल एचडी हैं। डीएसपी प्रताप सिंह ने बताया कि वाहन चालक की पहचान हो गई है। सीसीटीवी को हुए नुकसान की भरपाई वाहन चालक की ओर से की जाएगी।