हमीरपुर। विद्यार्थियों को कठिन विषयों को समझने और पढ़ाई में बेहतर करने के लिए अब स्कूल के बाद भी अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। जिले के सीबीएसई से संचालित 19 स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं तक विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलेगी।
नियमित पढ़ाई के बाद करीब एक घंटे तक विद्यार्थियों को अभ्यास करवाया जाएगा। इन कक्षाओं में खासकर अंग्रेजी और गणित पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को कठिन अध्याय दोबारा समझाने के साथ प्रश्न हल करवाए जाएंगे और उनकी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।
इससे कठिन विषयों में परेशानी महसूस करने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल सकेगा। गणित में सवालों को समझने और हल करने का अभ्यास करवाया जाएगा, जबकि अंग्रेजी में पढ़ने, लिखने और समझने की क्षमता बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। अन्य विषयों में भी विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अभ्यास करवाया जाएगा।
कोट
बूस्टर कैंप के साथ अतिरिक्त पीरियड शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को लगातार शैक्षणिक सहयोग देना है। इससे कक्षा में पीछे रह जाने वाले विद्यार्थियों को भी अपनी पढ़ाई सुधारने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर