अदालत में पेशी के बाद पुलिस टीम की गिरफ्त में चिट्टे के साथ पकड़े गए युवक और युवती। विभाग।
हमीरपुर, रंगस (हमीरपुर )। एचआरटीसी की बस में सफर करते हुए चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी युवक और युवती को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। युवक से तीसरी दफा चिट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि दो बार पहले भी आरोपी के पास चिट्टा मिल चुका है। अब तीसरी दफा उसे लुधियाना से चिट्टा लाते हुए धरा गया है। हालांकि युवती पहली बार चिट्टे के साथ पकड़ी गई है। आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के जंजाल में हैं। ऐसे में आरोपी पर पुलिस की नजर थी। आरोपी लुधियाना से चिट्टा खरीद कर हमीरपुर में सप्लाई करता था। ऐसे में अब लुधियाना में पुलिस की दबिश की भी संभावना है।
पुलिस थाना नादौन की टीम ने मसेह खड्ड के पास एचआरटीसी की लुधियाना से हमीरपुर बस में सफर कर रहे युवक और युवती से सात ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इन दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इन्हें देर शाम को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नादौन अनुज बहल की अदालत में पेश किया गया है।
दोनों आरोपियों को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, ताकि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य चिट्टा तस्करों की जानकारी भी ली जा सके। थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह की अगुआई में इन दिनों नादौन पुलिस ने एक अभियान छेड़ रखा है। इसके तहत कई जगहों पर छापामारी की जा रही है।
कोट
आरोपियों को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। एक आरोपी के खिलाफ यह तीसरा एनडीपीएस का केस दर्ज हुआ है। मामले में छानबीन जारी है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर