गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत शराब पीकर निजी बस चलाने पर चालक और परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। निजी बस अपने निर्धारित रूट पर नादौन से दियोटसिद्ध जा रही थी।
इस दौरान बीच रास्ते में कुछ सवारियों को चालक व परिचालक का व्यवहार संदिग्ध लगा। लोगों ने गलोड़ पुलिस के चौकी प्रभारी विनय अत्री से संपर्क किया और उन्हें सारी घटना की जानकारी दी। गलोड़ पुलिस प्रभारी ने भी तत्परता दिखाते हुए गलोड़ में बस को रोक लिया। जब पुलिस ने चालक और परिचालक से बात की तो पुलिस ने पाया कि इन दोनों ने शराब का अत्यधिक सेवन किया हुआ है।
इस दौरान बस चालक पुलिस से उलझ गया। पुलिस ने अल्कोहल सेंसर से भी शराब सेवन की पुष्टि की। पुलिस ने बस के मालिक को इस सारे घटनाक्रम की जानकारी दी और उसे मौके पर बुलाया। इसके बाद बस मालिक ने दूसरी बस के माध्यम से सभी सवारियों को गंतव्य की ओर रवाना किया।
वहीं, पुलिस ने चालक नंदलाल व परिचालक अजय कुमार पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों की जागरूकता के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। डीएसपी बडसर लालमन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने बस को रोक लिया। बस के चालक और परिचालक नशे में पाए गए हैं। मामला दर्ज किया गया है।