दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत सोहारी के समीप शनिवार को कार और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में कार चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायल को स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर सलौनी से बिझड़ी की ओर जा रहा था, जबकि कार बिझड़ी से सलौणी की दिशा में आ रही थी। सोहारी के पास एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।
हादसे में कार चालक रविंद्र कुमार निवासी सोहारी, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं, घायल हो गए। दुर्घटना में कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में सहयोग किया, जिससे यातायात दोबारा सुचारू हो सका।
वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की जा रही है।