हमीरपुर। पुलिस थाना भोरंज के तहत अवाहदेवी के साथ लगते कोट लांगसा में कार चोरी के मामले एक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। कोर्ट में पुलिस इस मामले में चार दिसंबर को स्टेटस रिपोर्ट देगी। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात में चुराई गई कार को आरोपियों ने मेरठ में पहुंचाया था। पुलिस ने आरोपी का सोशल मीडिया हैंडल से फोटो जारी किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब चुराई गई कार को वापस लाया जा रहा है।
इस मामले में पकड़े गए एक आरोपी विशाल कुमार निवासी गांव जंदड़ू कलां तहसील सरकाघाट को अदालत ने पांच दिन की रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपी से कार चोरी के मामले में पूछताछ कर रही है। कोट लांगसा में गत शनिवार को महिला चालक ने कार की चाबी गाड़ी में छोड़ दी थी और वह दर्जी की दुकान में सामान लेने चली गई। शातिर ने चंद पलों में ही कार को उड़ा लिया। इस मामले में पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जल्द ही कार को बरामद कर लिया जाएगा। एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने कहा कि एक आरोपी पुलिस रिमांड में है। जल्द ही चोरी की गई कार को रिकवर कर लिया जाएगा।