हमीरपुर। मिनी सचिवालय सुजानपुर में अब कर्मचारियों और लोगों को कैंटीन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए धरातल तल पर कैंटीन का निर्माण किया जा रहा है।
कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपा जाएगा, जहां चाय, नाश्ता और भोजन के साथ समूहों द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। कैंटीन का निर्माण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से किया जा रहा है।
जिला ग्रामीण विकास एजेंसी ने इसके लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर को बजट उपलब्ध करवा दिया है। मिनी सचिवालय में छह सरकारी कार्यालय संचालित हैं और रोजाना कर्मचारी व लोग विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं।
कैंटीन बनने से उन्हें परिसर में ही खाने-पीने की सुविधा मिलेगी। वहीं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अचार, पापड़, मसाले सहित अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी स्थान भी उपलब्ध होगा।
कोट
मिनी सचिवालय सुजानपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कैंटीन संचालक के लिए प्राथमिकता दी जाएगीए ताकि उन्हें कारोबार संचालित करने में परेशानी न हो।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक एवं जिला परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी