हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत लंबलू में केबल वायर सहित पकड़े आरोपी
को न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं आरोपी का
दूसरा साथी अब तक फरार है।
विजय कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी बलोह अपने साथी संजय कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी बलोह के साथ केबल वायर चोरी कर ले जा रहा था। बल्ले की खड्ड के पास ग्रामीण विपिन कुमार के साथ दोनों की झड़प हो गई। मारपीट के दारैान आवाजें सुनकर विपिन के चाचा और भाई मौके पर पहुंचे। तीनों ने विजय कुमार को पकड़ लिया, जबकि संजय कुमार मौके से फरार हो गया। बाद में ग्रामीणों ने विजय कुमार के बैग की तलाशी ली तो इससे जली हुई केबल वायर बरामद हुई। इसके चलते उन्होंने इसे पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी विजय कुमार को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया। यहां आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी शुक्रवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, एसपी अजय बौद्ध ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।