हमीरपुर। सरकारी महाविद्यालयों में संचालित बैचलर ऑफ वोकेशनल (बीवॉक) कार्यक्रम को स्ववित्तपोषित व्यवस्था में किए जाने की संभावित प्रक्रिया के बीच स्टाफ ने केंद्र से मदद की गुहार लगाई है।
बीवॉक स्टाफ ने हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को पत्र भेजकर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय से कार्यक्रम के लिए वित्तीय सहायता दिलाने की मांग की है।
बीवॉक स्टाफ एसोसिएशन की सलाहकार समिति के सदस्य अनिल शर्मा, राजीव चौहान, सुनील राणा और अभिषेक शर्मा ने उम्मीद जताई कि सांसद के हस्तक्षेप से विद्यार्थियों और कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय होगा। प्रदेश के करीब 20 सरकारी महाविद्यालयों में वर्ष 2017 से बीवॉक कार्यक्रम चल रहा है और करीब 180 कर्मचारी इससे जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि स्ववित्तपोषित व्यवस्था लागू होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। पत्र के माध्यम से सांसद से केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाकर बीवॉक के लिए स्थायी केंद्रीय वित्तीय सहायता दिलाने की पहल करने का आग्रह किया गया है।