संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर(हमीरपुर)। बस अड्डा सुजानपुर में जाम की समस्या आम हो गई है। अड्डा परिसर में काउंटर की सुविधा न होने से निजी बसें रूट पर जाने से पूर्व घंटों तक बेतरतीव तरीके से खड़ी हो रही हैं, जिससे यात्रियों और दूसरे बस चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि बस अड्डा प्रभारी की ओर से बसों को खड़ा करने के लिए नियम निर्धारित किए गए हैं, लेकिन चालक-परिचालक नियमों की अवहेलना करके निजी मुनाफे के लिए बेतरतीव तरीके से बसों को खड़ा करने का कार्य कर रहे हैं, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
यात्रियों में सरवण, रोशन, सलोचना, रमेश चंद, विनोद कुमार, राहुल आदि ने कहा कि बस अड्डा में काउंटर की सुविधा न होने से अकसर बस चालक बेतरतीव तरीके से बसों को खड़ा कर देते हैं। इससे यात्रियों को बस लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बस अड्डा में बसों को खड़ा करने के लिए रूट पर जाने से पूर्व 15 मिनट तय किया गया है, लेकिन वर्तमान में बस चालक एक या दो घंटे से अधिक समय तक बस स्टैंड पर बसें से खड़ी कर रहे हैं, जिससे बस अड्डा में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। बस अड्डा के साथ निजी टैक्सियां भी जाम की स्थिति को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।