समीरपुर डिविजन के तहत अवाहदेवी-पट्टा सड़क पर फेंकी गई भवन निर्माण सामग्री को लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी के मदद से हटा दिया। लोनिवि की टीम वीरवार को जेसीबी लेकर अवाहदेवी कस्बे में पहुंची।
इस दौरान सड़क किनारे फेंकी गई निर्माण सामग्री से हो रहे अतिक्रमण को मौके पर हटाया। साथ ही अवरुद्ध हो चुकी निकास नालियों को भी लोनिवि ने दुरुस्त करवाया। लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाकर मार्ग को वाहनों के लिए बहाल कर दिया।
इस सामग्री के कारण कस्बे की सड़क तंग हो चुकी थी। साथ ही पानी की निकासी भी अवरुद्ध हो चुकी थी। इस कारण बरसात में सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती थी। लोक निर्माण विभाग समीरपुर से एसडीओ जेसी कानूनगो की अगुआई में कर्मचारियों ने जेसीबी और टिप्पर लगाकर सड़क किनारे फेंकी सामग्री को उठाया।
साथ में बने राधास्वामी भवन और सड़क पर गिरने वाले मैदान के पानी को भी बंद करने के फरमान जारी किए हैं। इस पानी की वजह से हाल ही में हुई टारिंग भी उखड़ गई है।
नरेश कुमार, रमेश कुमार, सुमन कुमार, केवल सिंह, अमित, सुनील आदि ने विभाग से पानी की निकासी का स्थायी हल निकालने की अपील की है। विभाग की इस कार्रवाई की लोगों ने सराहना करते हुए क्षेत्र की अन्य सड़कों की भी सुध लेने की मांग की है।
लोनिवि के एसडीओ जेसी कानूनगो ने क्षेत्रवासियों से सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्र न फेंकने की गुजारिश की है।