हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में जिलेभर के सरकारी स्कूलों को विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 30 हजार रुपये का बजट आवंटित किया गया है। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर ने खंड स्तर पर स्कूलों में बजट राशि का आवंटन शुरू कर दिया है।
छह शिक्षा खंडों में राशि राशि जारी होने के बाद शीघ्र ही विभिन्न विकासात्मक कार्यों की शुरुआत होगी। प्रत्येक वर्ष शिक्षा विभाग की ओर से सत्रभर के लिए बजट राशि का आवंटन किया जाता है, ताकि स्कूलों में विकास कार्यों को बढ़ावा मिल सके। इस बजट से मुख्यत: खेल मैदान निर्माण, कक्षा कक्षों का निर्माण, चहारदीवारी, स्मार्ट क्लासरूम, प्रोजेक्टर, एलईडी, शौचालय निर्माण, स्कूल भवन मरम्मत, सरोईघर, कार्यक्रमों का आयोजन, बिजली बिल, पेपर, और छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री जैसे कार्य करवाए जाएंगे।
सरकारी स्कूलों को वार्षिक स्कूल ग्रांट निर्धारित मानकों के आधार पर खर्च करनी होगी। शिक्षा विभाग की ओर से से स्कूलों को वार्षिक बजट राशि का आवंटन विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार किया गया है। एक से 30 बच्चों वाले स्कूलों को 10 हजार, 30 से 100 संख्या वाले स्कूलों में 25 हजार, 100 से 250 में 50 हजार और 250 से 1000 विद्यार्थियों वाले स्कूलों को 75000 राशि प्रदान की जा रही है। बजट राशि को प्राथमिंक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विंग बनाकर आवंटित किया जा रहा है।
जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य मदन लाल बन्याल ने कहा कि जिलाभर के स्कूलों को 1.51 करोड़ रुपये की वार्षिक स्कूल बजट राशि जारी कर दी गई है ताकि स्कूलों में विकासात्मक कार्यो को प्रगति मिल सके।
विंग बजट राशि
प्राथमिक 72,25,000
माध्यमिक 12,00,000
उच्च 16,30,000
वरिष्ठ माध्यमिक 50,75,000
कुल 1,51,30,000