हमीरपुर। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा में बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त कमरे तक नहीं हैं। दो वर्ष पूर्व स्कूल के दो पुराने स्लेटपोश कमरे बरसात के कारण गिर गए थे। मगर दो वर्ष बीत जाने के बाद भी शिक्षा विभाग नए कमरों का निर्माण नहीं करवा सका है। पांच कक्षाओं के बच्चों को दो कमरों में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। वहीं, एक कमरे में कक्षा के साथ ही स्कूल कार्यालय चलाया जा रहा है।
कमरों की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा में 40 विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा ग्रहण करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दो वर्ष पूर्व बारिश से स्कूल के कमरे गिरे थे तो एसडीएम नादौन, तहसीलदार नादौन, पटवारी सहित अन्य कर्मचारी और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी निरीक्षण किया था।
इसके बाद शिक्षा विभाग ने दो कमरों के निर्माण के लिए 7.80 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर शिक्षा निदेशालय को भेजा था। अभिभावकों में अनीता कुमारी, पवन कुमार, प्रदीप कुमार और राकेश कुमार आदि ने विभाग से स्कूल भवन निर्माण कार्य के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों से स्कूल में उचित भवन व्यवस्था न होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा में दो ही कमरों की व्यवस्था है। स्कूल के नए कमरों के निर्माण के लिए सात लाख 80 हजार रुपये का एस्टिमेट विभाग की ओर से शिक्षा निदेशालय भेजा गया है।
-जोगिंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, नादौन