हमीरपुर। सूबे में बुधवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक भारत संचार निगम की सेवाएं बाधित रहीं। बुधवार सुबह सात बजे से साढ़े दस बजे तक जब मोबाइल फोन से बीएसएनएल का नेटवर्क गायब हुआ तो कुछ देर तक उपभोक्ता यह समझते रहे कि हो सकता है कि सिम में कोई तकनीकी खराबी आई हो। जिसके चलते कई उपभोक्ता मोबाइल फोन को ऑन-ऑफ करते रहे और कुछ तो सिम कार्ड को बाहर निकाल कर बार-बार फोन में डालते रहे, लेकिन साढ़े तीन घंटे तक मोबाइल पर न कोई कॉल आई और न ही कॉल जा रही थी।
बरसात के मौसम में कई लोग अपने रिश्तेदारों का हालचाल जानने के लिए भी फोन करते हैं लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण वह भी नहीं हो पाया। इंटरनेट सेवाएं भी बंद रहीं। जिसके चलते गूगल पे और अन्य ऑनलाइन पेमेंट इत्यादि कार्य भी नहीं हो पाए। क्योंकि आजकल बाजार में किसी भी सामान की पेमेंट के लिए अधिकतर ऑनलाइन पेमेंट का ही माध्यम अपनाया जाता है। सुबह साढ़े नौ बजे अस्पताल और अन्य सरकारी कार्यालयों में भी कुछ देर के लिए ऑनलाइन कामकाज में बाधा आई लेकिन 10:35 बजे दोबारा बीएसएनल का सिग्नल आ गया। उधर, बीएसएनएल के महाप्रबंधक अजीत कुमार ने कहा कि पूरे हिमाचल में नेटवर्क की समस्या आई थी। तकनीकी टीम ने बाद में नेटवर्क को बहाल कर दिया।