बिझड़ी/गलोड़ (हमीरपुर)। शादी के बाद दुल्हन के भागने के मामले में पुलिस ने अमृतसर में दबिश दी। संभावित ठिकानों पर ताले लटके होने के कारण पुलिस के हाथ खाली रहे। वहीं शादी करने के बाद भागने के मामले में गिरफ्तार दुल्हन और बिचौली महिला को शुक्रवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सशर्त जमानत पर छोड़ दिया।
शर्त के अनुसार महिलाओं को जब भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, तब उन्हें पेश होना पड़ेगा और वह अपना क्षेत्र छोड़कर नहीं जा सकेंगी। बता दें कि दुल्हन शीतल और बिचौली पूनम पर गलोड़ क्षेत्र के युवक मनीष ने धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था।
जांच में यह भी बात सामने आई थी कि महिलाएं क्षेत्र के अन्य युवकों को भी फंसाने का जाल बुन रही थी, लेकिन वह इसके जाल में फंसने से बच गए। वहीं, पुलिस महिलाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि वह किसी अन्य घटना को अंजाम न दे सकें।
एएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि महिलाओं को सशर्त जमानत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद